पशु सखियों को योजनाओं और पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड की दी गई जानकारी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देने और पशुपालकों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत कार्यालय खैरागढ़ में गुरुवार को पशु सखियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कलेक्टर के निर्देश पर आयोजित किया गया जिसमें बड़ी संख्या में पशु सखियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में पशु चिकित्सा विभाग के मास्टर ट्रेनर ने पशुपालन से जुड़ी विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही पशुओं के बेहतर प्रबंधन, स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण, पोषण और रोग नियंत्रण के विषय में भी उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया गया ताकि पशुपालक आधुनिक तरीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकें। प्रशिक्षण के दौरान पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इसमें बताया गया कि इस योजना के माध्यम से पशुपालक बैंक से सरल प्रक्रिया के जरिए ऋण लेकर पशुपालन गतिविधियों का विस्तार कर सकते हैं और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं। प्रशिक्षण सत्र में प्रदान तकनीकी संस्था के जिला समन्वयक राकेश ने भी पशु सखियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पात्र हितग्राहियों की पहचान आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया तथा ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने पशु सखियों से गांव गांव जाकर पशुपालकों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि पशु सखियां ग्रामीण स्तर पर विभाग और पशुपालकों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभा सकती हैं। यदि वे सक्रिय होकर पशुपालकों को जानकारी देंगी तो अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे। प्रशिक्षण के अंत में उपस्थित पशु सखियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए इसे ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया है।

Exit mobile version