KCG

पत्नी संग विवाद बना सामाजिक बहिष्कार की वजह

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम शिकारीटोला में एक परिवार के साथ कथित सामाजिक बहिष्कार मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। गांव के कुछ लोगों पर पारिवारिक विवाद में हस्तक्षेप कर दबाव बनाने और परिवार को आर्थिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक केसीजी को शिकायत सौंपकर सुरक्षा और न्याय की मांग की है।शिकायतकर्ता राजा भैया श्रीवास ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले करीब दो वर्षों से अलग रह रही हैं तथा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उनके दोनों नाबालिग बेटे फिलहाल उनके साथ रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। पीड़ित के अनुसार 25 अप्रैल 2026 को गांव में एक बैठक बुलाई गई जिसमें उन पर पत्नी को वापस घर लाने का दबाव बनाया गया। जब उन्होंने कोर्ट में मामला लंबित होने की जानकारी दी तो कथित रूप से कुछ ग्रामीणों ने सामाजिक बहिष्कार की चेतावनी दे दी। राजा भैया श्रीवास का आरोप है कि इसके बाद गांव में उनके खिलाफ माहौल तैयार किया गया और लोगों को उनके पान ठेला व सैलून में जाने से रोका जाने लगा। यही दोनों व्यवसाय उनके परिवार की आय का मुख्य स्रोत हैं। सामाजिक बहिष्कार के कारण उनकी आमदनी प्रभावित हुई है और परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि 4 मई 2026 की रात गांव के एक युवक ने उनके घर में घुसकर गाली गलौज और मारपीट की। शिकायत में कहा गया है कि हमले के दौरान घरेलू सामान से वार किया गया तथा हाथ मुक्कों से भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो होने का दावा भी किया गया है। घटना के बाद थाना ठेलकाडीह में शिकायत दर्ज कराए जाने की बात कही गई है लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। परिवार ने लगातार मिल रही धमकियों के चलते किसी बड़ी घटना की आशंका जताई है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच दोषियों पर सख्त कार्रवाई परिवार की सुरक्षा और सामाजिक बहिष्कार जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page