KCG

मोर गांव मोर पानी महाभियान को लेकर कलेक्ट्रेट में हुई महती बैठक

मौजूदा परिस्थितियों को लेकर जल व पर्यावरण संरक्षण पर दिया गया जोर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में मोर गांव मोर पानी महाभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थिति रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी दिनों में संगम योजना के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिये समन्वित प्रयास सुनिश्चित करना था। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, परंपरागत जल संरचनाओं के पुनर्जीवन तथा जनभागीदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही आगामी 5 जून को मनाये जाने वाले विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर व्यापक रूप से वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के लिये आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये।

राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी में प्रशासन देगा विशेष ध्यान

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राज्यपाल द्वारा गोद लिये ग्राम सोनपुरी में शासन की समस्त महत्वपूर्ण योजनाओं का पूर्ण संतृप्तिकरण किया जाए। इसके अंतर्गत गाँव में सरोवर निर्माण, वृक्षारोपण, तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत तालाबों की सफाई का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा। इस कार्य के लिये जनपद पंचायत सीईओ खैरागढ़ को निर्देशित किया गया है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों पर अपनी योजनाएं प्रस्तुत कीं और एक साझा कार्य योजना बनाने पर सहमति बनी। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम छुईखदान अविनाश ठाकुर, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता वीरेंद्र कुमार मरकाम, उप संचालक कृषि राजकुमार सोलंकी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page