राजा देवव्रत सिंह की प्रतिमा की उपेक्षा का आरोप, कांग्रेसियों ने किया श्रम दान

नगर पालिका द्वारा स्थापित अन्य महापुरुषों व दैवीय मूर्तियों की भी अपेक्षा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. राजा देवव्रत सिंह की प्रतिमा की उपेक्षा का आरोप लगा रविवार को कांग्रेसियों ने श्रम दान कर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा स्थापित अन्य महापुरुषों व दैवीय मूर्तियों की भी घोर अपेक्षा की जा रही है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जानकारी अनुसार बीते पखवाड़े भर से कांग्रेसियों द्वारा चलाए जा रहे हैं मिशन संडे के तहत रविवार को खैरागढ़ रियासत के राजा पूर्व सांसद व पूर्व विधायक स्व.देवव्रत सिंह की प्रतिमा की सफाई कर प्रतिमास्थली परिसर में श्रमदान किया गया। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन के अगुवाई में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने इस दौरान परिसर में फैले कचरे व गंदगी को साफ किया वहीं देवव्रत सिंह की प्रतिमा में महीनों से जमी धूल को साफ कर स्वच्छ पानी से प्रतिमा की साफ सफाई की गई।
पालिका प्रशासन की लापरवाही को लेकर श्री देवांगन ने कहा कि स्व.देवव्रत सिंह की प्रतिमा शहर के नागरिकों व समर्थकों की लम्बी लड़ाई के बाद स्थापित हो पाई है। पालिका ने प्रतिमा स्थापना के लगभग एक वर्ष बाद 8 अक्टूबर 2024 को जिले के प्रभारी मंत्री व सांसद के हाथों इसका लोकार्पण कराया था परंतु तीन माह तक नगर पालिका ने गौरवस्थली के रूप में प्रतिष्ठित राजा देवव्रत सिंह की प्रतिमा व परिसर का ध्यान ही नहीं रखा। आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए पालिका के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को नगर की गौरव स्थलीयों में साफ सफाई तो दूर पालिका के कथित जिम्मेदार प्रतिनिधियों को माला बदलने तक का समय नहीं मिला। हालत यह है कि परिसर में चारों तरफ कचरे के ढेर थे वहीं यहाँ लगे घास सूखने लगे हैं कोई पानी डालने वाला भी नहीं है। इस बीच कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने प्रतिमा की सफाई कर फूल माला अर्पित कर स्व.देवव्रत सिंह अमर रहे के नारे भी लगाये।
कांग्रेसियों ने कहा पालिका ने स्व. देवव्रत सिंह को भी नहीं छोड़ा, लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
श्री देवांगन ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा प्रतिमा अनावरण में फर्जी तरीके से ₹3 लाख की राशि खर्च दिखाकर चेक काटा गया था। नगर पालिका द्वारा शासकीय राशि से शहर में स्व.देवव्रत सिंह, संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर, भारत की महान कवयित्री व संत मीराबाई व कुशल पैलेस के सामने स्थापित भगवान शिव की मूर्ति स्थापना किया गया है नियम अनुसार पालिका प्रशासन द्वारा प्रतिमा के साथ प्रतिमा स्थल की नियमित साफ सफाई कर फूल माला प्रतिदिन बदलने चाहिये परंतु नगर पालिका जानबूझकर लापरवाही बरत कर नगर की गौरवस्थलियों की अनदेखी कर रही है यह सीधे तौर पर महापुरुषों व धर्म का अपमान है। बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि पालिका मे बैठे भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं जो निंदनीय है। कांग्रेसियों ने नगर पालिका से मांग की है कि वह सभी प्रतिमाओं की देखभाल के लिए एक ठोस योजना बनाकर काम करें अन्यथा कांग्रेस इस मामले में आंदोलन कर प्रदर्शन करेगी। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि व कांग्रेस नेता अरुण भारद्वाज, नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, विधायक प्रतिनिधि पूरन सारथी, कांग्रेस नेता शेखर दास वैष्णव, महेश यादव, रविंद्र सिंह गहरवार, सोनू ढीमर, पूर्व एल्डरमैन रतन सिंगी, सुदर्शन ढीमर राहुल लहरें सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे.