अधिकृत रेडियोलॉजिस्ट नहीं मिला, पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत कार्रवाई
खैरागढ़। साल्हेवारा स्थित बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर के सोनोग्राफी केंद्र को नियमों के उल्लंघन पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को सीलबंद कर दिया। जांच में अधिकृत रेडियोलॉजिस्ट की अनुपलब्धता और पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत निर्धारित दस्तावेजों में अनियमितताएं सामने आई थी। प्राप्त शिकायत के आधार पर जिला नोडल अधिकारी डॉ.मनीष बघेल की टीम ने केंद्र का निरीक्षण किया था। जांच में निर्धारित प्रारूपों को नियमानुसार नहीं भरने तथा सोनोग्राफी रिपोर्टिंग के कुछ दस्तावेजों में अन्य रेडियोलॉजिस्ट के डिजिटल हस्ताक्षर पहले से अंकित पाए गए थे। इस संबंध में केंद्र संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था।संचालक के जवाब, जांच प्रतिवेदन और अनियमितताओं पर जिला सलाहकार समिति में विचार-विमर्श के बाद सोनोग्राफी केंद्र को सीलबंद करने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर एवं पीसीपीएनडीटी के समुचित प्राधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश पर संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा, डॉ.मनीष बघेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य संस्थानों में निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
