KCG

नाबालिग के अपहरण कांड का आरोपी उत्तराखंड से गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज गंडई। पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में फरार चल रहे आरोपी को उत्तराखंड से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार 3 जुलाई 2026 को थाना गंडई में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर बालिका को अपने साथ ले गया है। मामले में अपराध क्रमांक 211/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी पंकज मौर्या (21), निवासी रमपुरिया, पोस्ट चंदौई थाना सुनगढ़ी जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) बालिका को दुर्ग रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया था। पीड़िता के बयान के आधार पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 64(2)(एम) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 भी जोड़ी गई। आरोपी की तलाश के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित नारायण कॉलोनी में दबिश देकर 2 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार किया है।आवश्यक ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को गंडई लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना आगे भी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page