
आरंग के ग्राम तोता के पास मिला शव
सत्यमेव न्यूज़ रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम तोता के समीप बुधवार सुबह नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 10 बजे स्थानीय ग्रामीणों की नजर नहर में तैरते शव पर पड़ी जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।


