
पुलिस की अवैध शराब, जुआ और सट्टे के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना छुईखदान पुलिस ने अवैध रूप से शराब का परिवहन कर बिक्री के लिए ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.760 बल्क लीटर शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार 21 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से जा रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना छुईखदान पुलिस टीम ने छुईखदान-आमगांव मार्ग स्थित नहर पुल के पास ग्राम आमगांव में घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने राम यादव (30 वर्ष), पिता रेखु यादव एवं तामरत वर्मा (26 वर्ष), पिता खिलावन वर्मा, दोनों निवासी ग्राम उदयपुर, थाना छुईखदान को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक प्लास्टिक बोरी में रखी 22 पौवा 20-20 डिलक्स व्हीस्की (180-180 एमएल), कुल 3.960 बल्क लीटर तथा 10 पौवा रोमियो देशी मसाला मदिरा (180-180 एमएल), कुल 1.800 बल्क लीटर बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.760 बल्क लीटर तथा कीमत 3,640 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटर साइकिल क्रमांक CG 08 5743 को भी जब्त कर लिया है जिसकी अनुमानित कीमत 10,000 रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल 13,640 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। मामले में थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 223/2026 दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी। इस कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।