नशे में वाहन चलाने वालों की अब खैर नहीं, कलेक्टर ने दिए सीधे और कड़ी कार्यवाही के निर्देश

खैरागढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्ती के संकेत दिए हैं। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, सड़कों से आवारा पशुओं को हटाकर कांजी हाउस एवं गोठानों में रखने तथा मादक पदार्थों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभागों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।*जिले की सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने और हादसे रोकने पर दिया गया जोर*सड़कों पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कलेक्टर ने उन्हें तत्काल हटाकर कांजी हाउस एवं गोठानों में सुरक्षित रखने के निर्देश जारी किये है अलबत्ता कलेक्टर के द्वारा पहले भी ऐसे आदेश जारी किए गए हैं जिसे लेकर नगरीय निकाय और जिले की ग्राम पंचायतें अब तक असफल साबित हुई है जिसके कारण जिले की सड़कों में आवारा मवेशियों की समस्या जस की तस है। मामले को लेकर पशुपालन विभाग ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के सरपंचों के साथ बैठक कर पशुओं को गोठानों में रखने और उनके लिए चारे की पर्याप्त व्यवस्था करने पर सहमति बनाई गई है।

कलेक्टर ने परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शराब के नशे में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

मादक पदार्थों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा गया। वहीं लोक निर्माण विभाग को जिले की छोटी पुलियों पर प्राथमिकता से सुरक्षा रेलिंग लगाने के निर्देश दिए गए है ताकि असावधानी या सुरक्षा इंतजामों की कमी से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से निर्देशों पर तत्काल अमल करने और कार्रवाई का अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में एसपी लक्ष्य विनोद शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर सहित सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

↑
Exit mobile version