
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर बैचलर ऑफ आर्ट, बैचलर ऑफ़ कॉमर्स और बैचलर ऑफ़ साइंस अंतिम वर्ष की छात्राओं के लिए भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। स्नातक पाठ्यक्रम में महाविद्यालय में अध्यनरत सेकंड एवं फोर्थ सेमेस्टर की छात्राओं ने इस नवस्थापित जिले के एकमात्र कन्या महाविद्यालय में विदाई की नई परंपरा की शुरुआत करते हुए कार्यक्रम को हर्षोल्लास के साथ संपन्न किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
उन्नत छात्र जीवन के लिये सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधि आवश्यक- प्राचार्य गुप्ता
संस्था प्रमुख डॉ.ओपी गुप्ता ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में छात्र जीवन के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। वरिष्ठ प्राध्यापक श्री देवांगन ने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और बेहतर भविष्य के लिए सुनियोजित प्रयास करने की सलाह दी।
मनोरंजक गतिविधियों के साथ सम्मानित हुई छात्राएं
कार्यक्रम के दौरान बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर की छात्राओं ने स्वल्पाहार गीत-संगीत और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों जैसे पेपर डांस, खेल, चुटकुले और शायरी के माध्यम से अपनी वरिष्ठ छात्राओं के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान माहौल भावुक हो उठा जब बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा मधु कौशल ने कविता के जरिए अपने अनुभव साझा किया। समारोह में मिस फेयरवेल का खिताब भी प्रदान किया गया। बीए अंतिम वर्ष से श्रद्धा वर्मा, बीकॉम अंतिम वर्ष से तारिणी साहू और बीएससी अंतिम वर्ष से अल्फिया मेहमान को यह सम्मान मिला। कार्यक्रम का संचालन दिव्या और मुस्कान ने किया जबकि आभार प्रदर्शन रीनू ने व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रही।


