
विकसित भारत 2047 और नई शिक्षा नीति पर हुई राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सेवाभावी संस्था नागरिक एकता मंच खैरागढ़ के तत्वावधान में विकसित भारत 2047 एवं नई शिक्षा नीति NEP विषय पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों की कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच ने सबका ध्यान खींचा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 370 बच्चों ने रंगों के माध्यम से भविष्य के भारत की परिकल्पना प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में बच्चों ने आत्मनिर्भर तकनीक संपन्न और ज्ञान आधारित भारत की झलक दिखाई कहीं बुलेट ट्रेन और हरित ऊर्जा से चलने वाले शहर उकेरे गए तो कहीं डिजिटल कक्षाओं और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को दर्शाया गया। नई शिक्षा नीति पर आधारित चित्रों में बस्ते का बोझ कम हुनर अधिक की भावना स्पष्ट रूप से नजर आई। रटंत विद्या से आगे बढ़कर कौशल, कोडिंग, रोबोटिक्स और व्यावहारिक शिक्षा को बच्चों ने प्रमुखता दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह ने बच्चों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन चित्रों में वही भारत दिखता है जिसकी नींव नई शिक्षा नीति रख रही है। नगर पालिका परिषद खैरागढ़ की अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर ने कहा कि बच्चों को राष्ट्रीय विचारों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को मंच देना सराहनीय पहल है वहीं बीएमओ डॉ.बिसेन ने ऐसे आयोजनों को प्रतिभा निखारने वाला बताया। नागरिक एकता मंच के संयोजक किशोर शर्मा ने बताया कि यह मंच का 12वां निःशुल्क आयोजन है जिसका उद्देश्य बच्चों को कला के माध्यम से सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों से जोड़ना है। प्रतियोगिता को चार आयु वर्गों में बांटा गया था। निर्णायक मंडल ने रचनात्मकता विषय की स्पष्टता और रंग संयोजन के आधार पर विजेताओं का चयन किया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकगण जनप्रतिनिधि समाजसेवी और बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बनाया। बच्चों की तूलिकाओं ने यह संदेश दिया कि आज की पीढ़ी न केवल सपने देख रही है बल्कि विकसित भारत के निर्माण की सोच भी रखती है।