KCG

नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनीं शिक्षिका साहित्यकार डॉ.पद्मा साहू

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ऐसी शिक्षिका और साहित्यकार की चर्चा करना प्रासंगिक है जो अपने कार्यों और नवाचारों से नई पीढ़ी विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बन रही हैं। ग्राम संडी की प्राथमिक शाला में प्रधान पाठक के रूप में कार्यरत डॉ. पद्मा साहू शिक्षा और साहित्य दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। शिक्षकीय जीवन की शुरुआत से ही उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास को लक्ष्य बनाकर नई शिक्षण शैली और रचनात्मक प्रयोगों के माध्यम से कार्य किया है। डॉ. पद्मा साहू शिक्षा के साथ साथ साहित्यिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। उनकी लेखनी और साहित्यिक कृतियों के लिए उन्हें खैरागढ़ सहित केसीजी जिले प्रदेश और अन्य राज्यों में कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। हाल ही में फरवरी माह में उत्तरप्रदेश के फिरोजाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें प्रतिष्ठित पंडित गया प्रसाद लोकनिधि अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित किया गया जिसे जिले और प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अपने विचार साझा करते हुए डॉ. पद्मा साहू ने कहा कि सशक्त महिलाएं ही समाज और दुनिया को सशक्त बनाती हैं। उनका मानना है कि महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर मिलना चाहिए ताकि वे अपनी क्षमता के बल पर आगे बढ़कर नई उपलब्धियां हासिल कर सकें। उन्होंने नई पीढ़ी की बेटियों के लिए संदेश देते हुए कहा कि हर महिला और बेटी को खुलकर बोलने अपनी अलग पहचान बनाने और अपने व्यक्तित्व को आत्मविश्वास के साथ जीने का साहस मिलना चाहिए। जब महिलाएं अपने वास्तविक स्वरूप में आगे बढ़ती हैं तो वे समाज के लिए भी प्रेरणा बनती हैं और नए आयाम स्थापित करती हैं।

डॉ. पद्मा साहू ने अपनी उपलब्धियों का श्रेय माता-पिता और गुरुओं के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने बताया कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए परिवार का सहयोग हमेशा प्रेरणादायी रहा है। उनके पति घम्मन साहू, जो खैरागढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं ने भी हर कदम पर साथ देकर उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों के लिए डॉ. पद्मा साहू को इस वर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्यपाल शिक्षक सम्मान से भी सम्मानित किया जाएगा जो उनके समर्पित कार्यों की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page