
ऑनलाइन शॉपिंग गोदामों और वेल्डिंग-फैब्रिकेशन संचालकों को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के निर्देश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। क्षेत्र में चाकू, धारदार हथियारों और अन्य आपत्तिजनक वस्तुओं के अवैध निर्माण खरीद-फरोख्त तथा संभावित दुरुपयोग को रोकने के लिए खैरागढ़ पुलिस ने निगरानी और जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पुलिस द्वारा ऐसे व्यवसायों और प्रतिष्ठानों से जुड़े लोगों को सतर्क रहने के साथ संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने नगर में संचालित विभिन्न ऑनलाइन शॉपिंग एप के गोदामों का निरीक्षण कर संचालकों एवं कर्मचारियों से संपर्क किया। उन्हें समझाइश दी गई कि चाकू, छुरी, धारदार वस्तु अथवा हथियारनुमा सामान की बार-बार मांग करने वाले या संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखें। ऐसे सामान की डिलीवरी के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने तथा संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए।
फैब्रिकेशन संचालकों को भी किया सतर्क
पुलिस टीम ने वेल्डिंग एवं फैब्रिकेशन कार्य से जुड़े संचालकों से भी संपर्क किया। उन्हें निर्देशित किया गया कि यदि कोई व्यक्ति चाकू धारदार हथियार या अन्य हथियार तैयार कराने बनवाने अथवा मरम्मत कराने के लिए संपर्क करता है तो उसके उद्देश्य और गतिविधियों के संबंध में सतर्कता बरतें। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी देने कहा गया। पुलिस ने व्यवसायियों से स्पष्ट कहा कि संदिग्ध व्यक्ति उसकी गतिविधि अथवा हथियार संबंधी मांग को नजरअंदाज न करें। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की गई है।
सूचना देने वालों की पहचान रखी जाएगी गोपनीय
खैरागढ़ पुलिस ने आम नागरिकों व्यापारियों और संबंधित व्यवसायियों से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों के निर्माण संदिग्ध उपयोग या खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान आवश्यकतानुसार गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं बल्कि संदिग्ध गतिविधियों की समय रहते पहचान कर उन्हें रोकना है ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के साथ सुरक्षित वातावरण कायम किया जा सके।