
मानसिक रूप से कमजोर था मृत किसान
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा मौत के कारणों का खुलासा
सत्यमेव न्यूज जालबांधा। क्षेत्र के ग्राम बिजलदही में दो दिनों से लापता किसान का शव शुक्रवार को गांव की नाली में सड़ी-गली अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजेंद्र वर्मा (45 वर्ष) पिता स्व.पुनऊ राम वर्मा के रूप में हुई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खैरागढ़ भेजा गया।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र वर्मा 5 अगस्त की रात करीब 8 बजे घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की और कोई सुराग नहीं मिलने पर जालबांधा चौकी में गुम इंसान की सूचना दर्ज कराई। शुक्रवार शाम स्कूल से घर लौट रहे कुछ बच्चों को गांव की नाली के पास तेज दुर्गंध महसूस हुई। पास जाकर देखने पर नाली में शव फंसा मिला। बच्चों की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान राजेंद्र वर्मा के रूप में की। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव को खैरागढ़ शवगृह पहुंचाने में एम्बुलेंस की देरी पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक वाहन नहीं पहुंचा जिसके बाद निजी वाहन से शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
खैरागढ़ थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि परिजनों ने गुम इंसान की सूचना दर्ज कराते समय बताया था कि राजेंद्र वर्मा मानसिक रूप से कमजोर थे। बहरहाल मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। बता दे कि राजेंद्र वर्मा खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे ग्राम बिजलदही में शोक का माहौल है वहीं परिजनों सहित ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है।

