Advertisement
Uncategorized

दीपावली की पूर्व संध्या पर दो सड़क हादसे: एक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

सत्यमेव न्यूज के लिए मनोहर सेन खैरागढ़। एक ओर पूरा इलाका दीपावली की रोशनी से जगमगा रहा था घर-घर दीपक की लौ उम्मीद और खुशियों का संदेश दे रही थी। वहीं दूसरी ओर सण्डी (नर्मदा) गांव का एक घर मातम में डूब गया। त्योहार की चकाचौंध के बीच ज़िंदगी की एक लौ अचानक बुझ गई। रविवार की शाम करीब 6:30 बजे का समय था। लोग दीपावली की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी बीच सण्डी निवासी मिलाप यादव (52 वर्ष) पिता स्व. कल्लू राम यादव अपनी प्लेटिना बाइक (CG 09 JT 7145) से राजनांदगांव से अपने गांव लौट रहे थे। लेकिन किसे पता था कि यह सफर उनका आखिरी साबित होगा। जानकारी के अनुसार जब मिलाप यादव पिपरिया मारूटोला मोड़ के पास पहुंचे तभी छुईखदान की ओर से तेज़ रफ्तार में आ रही हीरो होंडा सीडी डॉन बाइक (CG 07 BL 1173) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि मिलाप यादव की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना करने वाला युवक 18 वर्षीय सोनू गोंड निवासी पिपरिया बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोनू की बाइक की रफ्तार बहुत तेज़ थी और मोड़ पर नियंत्रण खो देने से यह भीषण हादसा हुआ। सूचना मिलते ही थाना खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दूसरी ओर ग्राम पेंड्रीकला के समीप बंजारी मंदिर मोड़ पर भी एक अन्य हादसे में मदनपुर निवासी नरेंद्र कुमार साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। वे रविवार शाम खैरागढ़ से अपने गांव लौट रहे थे जब उनकी स्प्लेंडर बाइक अनियंत्रित होकर मंदिर के पास रखे नारियल स्टैंड से टकरा गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया जहां उपचार जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि बंजारी मोड़ और मारूटोला मोड़ क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। बीते एक वर्ष में यहां 10 से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इन मार्गों पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान सड़क पर भीड़ और रफ्तार का मिश्रण घातक बन जाता है। ऐसे में यातायात नियमों का पालन और सड़क सुरक्षा उपायों का पालन करना जरूरी है ताकि खुशियों के त्यौहार को किसी घर के मातम में बदलने से रोका जा सके।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page