
कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर संचालन बदलने की मांग
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 16 एवं 17 दाऊचौरा के रहवासियों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की राशन दुकान के संचालन में कथित अनियमितताओं को लेकर सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पार्षद विनय देवांगन के नेतृत्व में पहुंचे वार्डवासियों ने कलेक्टर तथा जिला खाद्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए वर्तमान संचालक श्रद्धा साईं महिला उत्थान समिति से राशन दुकान का संचालन वापस लेकर किसी अन्य सक्षम समूह को सौंपने की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि राशन दुकान का संचालन दाऊचौरा क्षेत्र में न होकर संचालक के निजी निवास से किया जा रहा है जो वार्ड से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित है। इसके कारण बुजुर्गों, महिलाओं एवं दिव्यांग हितग्राहियों को राशन प्राप्त करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। राशन दुकान की अनियमित को लेकर प्रभावित वार्डवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान निर्धारित समय पर नहीं खुलती, राशन वितरण में अनियमितताएं बरती जाती हैं तथा शक्कर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बेची जा रही है।

इसके अलावा हितग्राहियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत भी ज्ञापन में की गई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार मई और जून माह की शक्कर का वितरण अब तक नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर संबंधित लोगों द्वारा धमकाने का प्रयास किया जाता है। रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि राशन दुकान का संचालन पुनः दाऊचौरा क्षेत्र में शुरू कराया जाए तथा उपभोक्ताओं की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए इसका संचालन किसी अन्य सक्षम एवं जिम्मेदार समूह को सौंपा जाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला खाद्य अधिकारी भुनेश्वर चेलक को शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिला खाद्य अधिकारी भुनेश्वर चेलक ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
