दलाई लामा ने रचा इतिहास-ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 के लिये बिली ईलिश को ‘वाइल्डफ्लावर’ के लिए मिलेगा सॉन्ग ऑफ द ईयर

सत्यमेव न्यूज (एजेंसी)। लॉस एंजिल्स में आयोजित 68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स समारोह में संगीत की दुनिया के कई ऐतिहासिक और यादगार पल देखने को मिले। जहां पॉप स्टार बिली ईलिश ने ‘वाइल्डफ्लावर’ के लिए सॉन्ग ऑफ द ईयर का सम्मान जीता वहीं तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने पहली बार ग्रैमी पुरस्कार हासिल कर नया इतिहास रच दिया है। ज्ञात हो कि संगीत जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में शुमार 68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स का भव्य आयोजन लॉस एंजिल्स के क्रिप्टो डॉट कॉम एरिना में किया गया। समारोह में दुनिया भर के कलाकारों, संगीतकारों और रचनाकारों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस वर्ष ग्रैमी अवॉर्ड्स की सबसे चर्चित उपलब्धियों में तिब्बती बौद्ध आध्यात्मिक गुरु परम पावन दलाई लामा का नाम विशेष रूप से सामने आया। उन्होंने अपनी ऑडियो बुक ‘मेडिटेशन्स: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा’ के लिए बेस्ट ऑडियो बुक नैरेशन एंड स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग श्रेणी में पहला ग्रैमी पुरस्कार जीता। इस श्रेणी में अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट जज केतनजी ब्राउन जैक्सन और कॉमेडियन ट्रेवर नूह जैसे नाम भी शामिल थे। संगीत की बड़ी श्रेणियों की बात करें तो सॉन्ग ऑफ द ईयर का प्रतिष्ठित पुरस्कार पॉप सिंगर बिली ईलिश को उनके गीत ‘वाइल्डफ्लावर’ के लिए दिया गया। इस गीत को उन्होंने अपने भाई फिनियास के साथ मिलकर लिखा और प्रोड्यूस किया है वहीं रिकॉर्ड ऑफ द ईयर का अवॉर्ड केंड्रिक लैमर और एसजेडए के गीत ‘लूथर’ को मिला। इस साल एल्बम ऑफ द ईयर का खिताब मशहूर गायक बैड बनी के स्पैनिश भाषा के एल्बम ‘डेबी तिरार मास फोटोस’ ने अपने नाम किया। बेस्ट पॉप वोकल एल्बम का पुरस्कार लेडी गागा को उनके एल्बम ‘मेहेम’ के लिए दिया गया जिससे पॉप संगीत में उनकी मजबूत पकड़ एक बार फिर साबित हुई। बेस्ट न्यू आर्टिस्ट का सम्मान ब्रिटेन की उभरती गायिका ओलिविया डीन को मिला। नामांकन के लिहाज से भी यह साल खास रहा। लेडी गागा, निर्माता सर्कट और जैक एंटोनॉफ को सबसे ज्यादा सात-सात श्रेणियों में नामांकन मिले। वहीं बैड बनी, लियोन थॉमस और सबरीना कारपेंटर को छह-छह नामांकन प्राप्त हुए। ग्रैमी इतिहास में इस वर्ष के-पॉप ने भी नया अध्याय जोड़ा। के-पॉप डेमन हंटर्स के गीत ‘गोल्डन’ को बेस्ट सॉन्ग रिटन फॉर विजुअल मीडिया का अवॉर्ड मिला। यह पहला अवसर है जब किसी के-पॉप एक्ट को ग्रैमी सम्मान मिला है। इसके अलावा ‘म्यूजिक फॉर जॉन विलियम्स’ को बेस्ट म्यूजिक फिल्म का पुरस्कार दिया गया जिसके साथ ही प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग ने भी अपने करियर का पहला ग्रैमी अवॉर्ड हासिल किया। कुल मिलाकर 68वें ग्रैमी अवॉर्ड्स समारोह ने संगीत की विविधता, वैश्विक प्रभाव और नई उपलब्धियों को एक मंच पर सजीव रूप में प्रस्तुत किया।

Exit mobile version