साफ-सफाई के लिये प्रतिष्ठानों को कड़े निर्देश
खैरागढ़। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य नमूने लिए जा रहे हैं। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की।एफएसओ दीपक घृतलहरे ने बताया कि 15 सितंबर को दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में भारत किराना एवं जनरल स्टोर्स से पैक्ड हरा मटर का एक विधिक नमूना तथा पैक्ड नमकीन का एक सर्विलांस नमूना लिया गया। यादव होटल के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। 24 सितंबर को दीपक अनाज भंडार से मैदा एवं टोस्ट के दो विधिक नमूने तथा मासिक सर्विलांस ड्राइव के तहत हल्दी एवं मिर्च पाउडर के दो नमूने लिए गए वहीं 29 सितंबर को गोलबाजार स्थित सांखला अनाज भंडार से जैन चुस्की चाय एवं अरहर दाल के दो विधिक नमूने तथा एवरेस्ट शाही पनीर मसाला एवं ताज हल्दी पाउडर के दो सर्विलांस नमूने संकलित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है। प्रतिष्ठानों को स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य अनुज्ञप्ति-पंजीयन अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं।
