
सत्यमेव न्यूज छुईखदान. जीवन में परिस्थितियाँ इंसान को बहुत कुछ सिखाती हैं। कुछ लोग मुश्किलों से टूट जाते हैं, तो कुछ वही अनुभव समाज सेवा का माध्यम बना लेते हैं। ऐसी ही प्रेरणादायी कहानी है छुईखदान निवासी युवा ग्रुप संस्था के अध्यक्ष शरद वैष्णव की है।कुछ वर्ष पहले वे स्वयं जरूरत के समय रक्त के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर थे, लेकिन आज वही व्यक्ति निरंतर रक्तदान शिविरों का आयोजन कर सैकड़ों जरूरतमंद मरीजों की मदद कर रहे हैं। बीते 6 वर्षों से शरद वैष्णव लगातार समाज सेवा में सक्रिय हैं और रक्तदान के प्रति जनजागरूकता फैलाने का उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। शरद वैष्णव के नेतृत्व में युवा ग्रुप संस्था द्वारा स्कूलों और कॉलेजों में जाकर ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। युवाओं को संस्था से जोड़ने का व्यापक अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप आज संस्था से 250 से अधिक युवा सदस्य सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। यही युवा समय-समय पर रक्तदान शिविरों के आयोजन में अहम भूमिका निभा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। संस्था द्वारा रक्तदान जागरूकता रैलियों का भी आयोजन किया जाता है, जिनमें स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवा लगातार इस अभियान से जुड़ रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी भी मरीज को रक्त की कमी के कारण परेशानी न उठानी पड़े। इस जीवनरक्षक और जनसेवी कार्यों को देखते हुए शरद वैष्णव को विभिन्न जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग, ब्लड बैंक राजनांदगांव एवं छुईखदान द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। रक्तदान के क्षेत्र के अलावा भी वे अन्य सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहकर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।