
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने नार्काे कोऑर्डिनेशन समिति की जिला स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान जिले में नशे के अवैध व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण रणनीतियों पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और नशीली दवाओं की बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड का नियमित निरीक्षण किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाए। इसके साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। प्रशासन ने सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से जिले को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।