Advertisement
Uncategorized

जिले में गरिमामय और हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस समारोह

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का पर्व इस वर्ष भी गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित राजा फतेह सिंह खेल मैदान में किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह को भव्य और प्रभावी बनाने के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागीय झांकियां तैयार की जाएं। साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग को विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के सुचारु संचालन हेतु मंच सजावट, बैठक व्यवस्था, मैदान की साफ-सफाई, आमंत्रण पत्र, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, पंडाल, कुर्सियां, पार्किंग, गुब्बारे, पुरस्कार वितरण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में कलेक्टर ने जानकारी दी कि प्रदेश के वाणिज्य उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन 07 जनवरी को एक दिवसीय जिला प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। कलेक्टर ने प्रभारी मंत्री के प्रवास को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे, पूजा पिंचा सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page