जिले के दिव्यांगजनों को मिला बायोनिक हैंड

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत समाज कल्याण संचालनालय रायपुर के समन्वय और इनाली फाउंडेशन के सहयोग से विशेष शिविर का आयोजन हुआ जहां पात्र दिव्यांगजनों को निःशुल्क बायोनिक हैंड उपलब्ध कराए गए। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिला खैरागढ़ छुईखदान गंडई से कोहनी के नीचे हाथ गंवा चुके 5 दिव्यांगजनों का चयन कर 22 फरवरी को रायपुर भेजा गया था। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद 4 हितग्राहियों को आधुनिक बायोनिक हैंड प्रदान किए गए। लाभ पाने वालों में दुलेश्वर देवांगन ग्राम दपका राजकुमार वर्मा ग्राम लिमतरा भीखम साहू ग्राम पेन्ड्रीकला और राजेन्द्र यादव ग्राम पचपेड़ी शामिल हैं। शिविर के दौरान अभिभावकों के साथ खंड स्तरीय बहुउद्देशीय कार्यकर्ता प्रमोद चौधरी अशोक तिवारी और बेदराम भारती भी उपस्थित रहे। बायोनिक हैंड मिलने के बाद हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे वे लिखने, पढ़ने, पानी पीने और दोपहिया वाहन चलाने जैसे दैनिक कार्य स्वयं कर सकेंगे। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में बड़ा सहारा बताया। यह पहल न केवल तकनीकी सहयोग का उदाहरण है बल्कि दिव्यांगजनों के जीवन में आत्मविश्वास और सम्मानजनक अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Exit mobile version