

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में बैंकिंग सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा शुक्रवार को सभी बैंक शाखाओं में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न बैंकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया और बैंक प्रबंधन व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अभियान के तहत बैंकों में लागू सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरे अलार्म सिस्टम सुरक्षा गार्डों की तैनाती सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच कर उनकी कार्यक्षमता का आकलन किया। साथ ही बैंक प्रबंधन को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बैंक कर्मचारियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि व्यक्ति या लेन-देन की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और बैंक के बीच बेहतर समन्वय से आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई संभव है।


अभियान के दौरान एटीएम सुरक्षा को लेकर भी विशेष रूप से जागरूकता बढ़ाई गई। ग्राहकों और बैंक स्टाफ को एटीएम पिन गोपनीय रखने लेन-देन के समय सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की सलाह दी गई। बैंक कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे ग्राहकों को सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार के प्रति लगातार जागरूक करते रहें। जिला पुलिस के अनुसार यह अभियान बैंक सुरक्षा को मजबूत करने संभावित अपराधों पर नियंत्रण रखने और आम नागरिकों को सुरक्षित बैंकिंग वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

