Advertisement
Uncategorized

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाएं रोकने के लिये बनी रणनीति

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों पर त्वरित सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों ने जानकारी दी कि पूर्व में चिन्हित तथा नव-चिह्नित दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है। प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही इन स्थानों पर सुधार कार्य प्रारंभ किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई मार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर रोड मार्किंग और दिशा-सूचक संकेतकों का कार्य हाल ही में पूर्ण कर लिया गया है।

परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने पिछले दो वर्षों में की गई प्रवर्तन कार्रवाइयों का विवरण प्रस्तुत करते हुए दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों तेज गति, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग न करना, लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन पर प्रकाश डाला। बैठक में वाहन श्रेणी एवं समय-आधारित दुर्घटना विश्लेषण भी प्रस्तुत किया गया।
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत विद्यालयों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि विदाई समारोह सहित अन्य आयोजनों में भी सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश अनिवार्य रूप से दिए जाएं। स्वास्थ्य विभाग ने प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत योजना तथा सीपीआर प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियों की जानकारी साझा की। बैठक में सड़कों पर आवारा पशुओं की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं पर भी गंभीर चर्चा हुई। पशुपालन विभाग, जनपद पंचायत एवं नगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवारा पशुओं को हटाकर कांजी हाउस में रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों द्वारा समारोहों के दौरान वाहन स्टंट जैसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने, हिट एंड रन मामलों की समय-सीमा में जांच पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा बैताल रानी घाटी क्षेत्र में झाड़ियों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। दुर्घटना संभावित स्थलों पर सेल्फी प्वाइंट न बनाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने निर्माणाधीन स्थलों पर चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और स्पष्ट रोड मार्किंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने, रन कटेरा पुलिया के पास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने तथा परीक्षा अवधि के दौरान विद्यार्थियों को समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page