
छुईखदान। जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी घोषित होते ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए सज्जाक खान और सुदीप श्रीवास्तव को महामंत्री नियुक्त किया गया है। घोषणा की जानकारी मिलते ही छुईखदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटीं। जय स्तंभ चौक पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और पार्टी नेतृत्व के निर्णय का स्वागत किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी और चर्चा का माहौल बना रहा। सज्जाक खान और सुदीप श्रीवास्तव लंबे समय से संगठन से जुड़े रहे हैं और वनांचल से लेकर शहरी क्षेत्रों तक कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नेताओं की युवाओं के बीच अच्छी पहचान है। सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी और जनसंपर्क के चलते ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में उनकी स्वीकार्यता मजबूत रही है। कार्यकारिणी की घोषणा के बाद युवाओं ने भी उत्साह के साथ जश्न मनाया। जय स्तंभ चौक पर एकत्रित होकर उन्होंने आतिशबाजी की और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। इस मौके पर कोमल साहू, राजा गिरिराज किशोर दास, रामकुमार पटेल, गजेन्द्र ठाकरे, संजीव दुबे, कमलेश यादव, दीपक वैष्णव, आलोक यादव, कोसन कोसरे, कामदेव ओगरे, मनीष कोचर, आशु भाई, अख्तर सोलंकी, अनुराग सोनी, निलेश गुप्ता, कारण पाल, फरहान खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी के गठन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी मजबूत प्रदर्शन करेगी।

