KCG

जियो और जीने दो के जीवंत संदेश के साथ खैरागढ़ जैन समाज ने किया रक्तदान का महायोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भगवान महावीर स्वामी के ‘जियो और जीने दो’ के संदेश को साकार करते हुए खैरागढ़ के जैन समाज ने भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर सेवा और समर्पण का भव्य उदाहरण प्रस्तुत किया है। सकल जैन श्री संघ एवं जैन यूथ क्लब के तत्वावधान में आयोजित स्वास्थ्य महोत्सव के दौरान 307 यूनिट रक्तदान कर मानवता की सेवा का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया गया। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसकी समावेशिता रही जहां जैन समाज के साथ-साथ सर्वसमाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया।

कुशल पैलेस में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर सामाजिक समरसता का प्रेरक उदाहरण बन गया। नवरात्रि के पर्व और उपवास के बाद भी सुबह से ही रक्तवीरों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जैन समाज के आह्वान पर विभिन्न समाजों के युवाओं, महिलाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इस अवसर पर विशेष रूप से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों तथा पुलिस जवानों की सहभागिता ने शिविर की गरिमा को और बढ़ा दिया। उनकी प्रेरक उपस्थिति से अन्य लोगों का उत्साह दोगुना हो गया। जैन यूथ क्लब के सुव्यवस्थित प्रबंधन के चलते कुल 307 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया जो जिले के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है।

स्वास्थ्य शिविर के समानांतर भारतीय जैन संघटना खैरागढ़ द्वारा साइबर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। साइबर सलाहकारों ने उपस्थित नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सेमिनार में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, मोबाइल सुरक्षा और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय साझा किए गए। ज्ञात हो कि यह बहुदिवसीय स्वास्थ्य महोत्सव 23 मार्च से प्रारंभ हुआ जिसके अंतर्गत विभिन्न चरणों में अनवरत सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। बाफना भवन में व्यापक रक्त एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित हुआ, जिले में पहली बार विशाल आयुर्वेदिक शिविर, प्राचीन चिकित्सा पद्धति से उपचार की सुविधा मिली वहीं 27 मार्च को रायपुर के प्रसिद्ध अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुशल पैलेस में मरीजों का परीक्षण होगा।

27 मार्च को शिविर का प्रमुख आकर्षण विशेष ‘पिंक वैन’ होगी जो ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग और एक्स-रे जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रहेगी। सकल जैन श्री संघ के अध्यक्ष नरेंद्र जैन ने क्षेत्र की अधिक से अधिक महिलाओं से निःशुल्क कैंसर जांच शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

आयोजकों ने कहा कि यह 307 यूनिट केवल रक्त नहीं बल्कि खैरागढ़ की एकजुटता का प्रतीक है। पुलिस जवानों, जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और सर्वसमाज के युवाओं ने जिस प्रकार इस आयोजन को अपना माना वह भगवान महावीर के संदेश को चरितार्थ करता है। जैन यूथ क्लब के युवाओं ने कहा कि सभी सहभागी नागरिकों के प्रति हम आभारी हैं।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page