जालबांधा-शेरगढ़ में अवैध खनन पर ग्रामीणों का आक्रोश

सत्यमेव न्यूज जालबांधा। जिले के जालबांधा-शेरगढ़ क्षेत्र में मुरूम के अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि लंबे समय से यहां खुलेआम अवैध खनन किया जा रहा है लेकिन जिम्मेदार अधिकारी प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार शेरगढ़ क्षेत्र में सरकारी जमीन और तालाब को निशाना बनाकर मुरूम का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। निकाली जा रही मुरूम का उपयोग निजी कार्यों में किया जा रहा है जिससे शासन को राजस्व की हानि हो रही है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि खननकर्ताओं और संबंधित अधिकारियों के बीच मिलीभगत के कारण यह अवैध गतिविधि बेखौफ जारी है। लोगों का कहना है कि जब भी अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचते हैं उससे पहले ही खनन करने वालों को सूचना मिल जाती है। परिणामस्वरूप अधिकारी बिना किसी कार्रवाई के ही लौट जाते हैं और अवैध खनन का सिलसिला फिर से शुरू हो जाता है। इसके अलावा बिना रॉयल्टी चुकाए मुरूम का परिवहन भी धड़ल्ले से किया जा रहा है। वाहनों के माध्यम से मुरूम की ढुलाई की जा रही है लेकिन न तो किसी प्रकार की रॉयल्टी जमा की जा रही है और न ही पंचायत से अनुमति ली जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध रूप से मुरूम परिवहन करने वाले वाहनों को जब्त कर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

Exit mobile version