
गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर ग्रामीणों ने जाहिर की चिंता
सत्यमेव न्यूज जालबांधा। ग्राम पंचायत जालबांधा क्षेत्र की प्रमुख ग्राम पंचायत में एक है जहां आसपास के गांवों का बड़ा बाजार संचालित होता है। इन दिनों यहाँ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा की उपेक्षा चर्चा में है। 14 अगस्त 2024 को विधायक निधि से पंचायत परिसर में गांधी जी की प्रतिमा स्थापित की गई थी लेकिन अब इसकी निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। ग्रामीणों के अनुसार पहले यहां संगमरमर की एक छोटी प्रतिमा स्थापित थी जिसकी गुणवत्ता बेहतर मानी जाती थी। वर्तमान में लगाई गई नई प्रतिमा आकार में बड़ी है परंतु उसकी बनावट को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रतिमा के कई हिस्सों में दरारें दिखाई दे रही हैं और रंग-रोगन भी उखड़ने लगा है जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संदेह गहराता जा रहा है इसके साथ ही प्रतिमा स्थल के रखरखाव में भी लापरवाही सामने आ रही है। हर वर्ष 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर माल्यार्पण किया जाता है लेकिन इसके बाद नियमित साफ-सफाई और देखभाल नहीं होने से परिसर की स्थिति धीरे-धीरे खराब होती जा रही है। राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत होकर ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा प्रतिमा स्थल के नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि पंचायत की पहचान से जुड़े इस महत्वपूर्ण स्थल की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और राष्ट्रपिता की प्रतिमा का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए।