Uncategorized

जालबांधा महाविद्यालय को अब मिलेगा अपना भवन

सत्यमेव न्यूज जालबांधा। जालबांधा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य के बजट सत्र 2025-26 में शासकीय महाविद्यालय जालबांधा के लिए स्वतंत्र भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। भवन निर्माण के पहले चरण के लिए 1 करोड़ रुपये (100 लाख) का प्रावधान किया गया है। लंबे समय से क्षेत्र में महाविद्यालय के लिए अलग और व्यवस्थित भवन की मांग की जा रही थी। बजट में राशि स्वीकृत होने के बाद अब महाविद्यालय में आधुनिक कक्षाओं के साथ पुस्तकालय प्रयोगशाला और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का विकास किया जा सकेगा। इससे जालबांधा और आसपास के ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उच्च शिक्षा के लिए दूर दराज जाने की परेशानी भी कम होगी।

महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश साहू और समिति के सदस्यों द्वारा लंबे समय से इस विषय को शासन स्तर तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे थे। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप ही बजट में भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है।जयप्रकाश साहू ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि वर्षों से महाविद्यालय के स्वतंत्र भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब स्वीकृति मिलने के बाद उम्मीद है कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने पर जनभागीदारी समिति और क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, सांसद संतोष पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार और जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। समिति का कहना है कि स्वीकृत राशि शीघ्र जारी होने पर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा जिससे आने वाले समय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page