जालबांधा पीएचसी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा, लक्ष्य पूर्ति के दिए निर्देश

खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में सेक्टर स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।बैठक में स्वास्थ्य केंद्रवार गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन, प्रथम तिमाही में पंजीयन, चार या उससे अधिक एएनसी जांच, संस्थागत प्रसव एवं टीबी नोटिफिकेशन की समीक्षा की गई। इसके साथ ही कुष्ठ रोगियों एवं नए कुष्ठ रोगियों की पहचान, आरसीएच 2.0, यू-विन पंजीयन, नियमित टीकाकरण, एचएमआईएस रिपोर्टिंग, एचपीवी टीकाकरण तथा विभिन्न स्वास्थ्य पोर्टलों पर ऑनलाइन प्रविष्टियों की स्थिति की जानकारी ली गई।सीएमएचओ डॉ.शुक्ला ने कम एएनसी पंजीयन वाले स्वास्थ्य संस्थानों में लक्ष्य प्राप्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए पंजीयन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन करने, नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने तथा संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को घर-घर भ्रमण कर टीबी एवं कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों की पहचान करने और संदिग्ध मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए साथ ही सभी संबंधित पोर्टलों पर समयबद्ध ऑनलाइन प्रविष्टियां तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित निगरानी एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में मितानिन प्रशिक्षक को मितानिनों की बैठक आयोजित कर राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करने तथा मैदानी स्तर पर कार्यक्रमों की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को अधीनस्थ स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित भ्रमण करने और स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव, डॉ.मोहम्मद असलम, सेक्टर सुपरवाइजर, एलएचवी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी महिला एवं पुरुष सहित संबंधित स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन, स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करना रहा।

↑
Exit mobile version