
सरपंच के विरुद्ध लामबंद हुए ग्रामीण
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जनपद पंचायत खैरागढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत जालबांधा इन दिनों कथित आर्थिक गड़बड़ियों को लेकर चर्चा में है। ग्रामवासियों और वार्ड पंचों के एक समूह ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को लिखित शिकायत सौंपते हुए सरपंच के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप है कि पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों के नाम पर नियमों की अनदेखी करते हुए राशि निकाली गई। नाली निर्माण एवं मरम्मत कार्य में लगभग 2.74 लाख रुपये तथा व्यावसायिक परिसर निर्माण में करीब 1.62 लाख रुपये के भुगतान बिना पूर्ण प्रक्रिया और कार्य पूर्णता के ही किए जाने की बात सामने आई है। इसे पंचायत राज अधिनियम और वित्तीय नियमों का उल्लंघन बताया गया है। इसके अलावा पंचायत की आय के प्रमुख स्रोत जैसे व्यावसायिक परिसरों का किराया तालाब लीज तथा पूर्व वर्षों की बाजार वसूली लगभग 39 हजार रुपये को पंचायत खाते में जमा न कर कथित रूप से दुरुपयोग करने के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि ये आरोप सत्य पाए जाते हैं तो यह सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला बन सकता है। मामले को और गंभीर बनाते हुए शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 13 जनवरी 2026 की जांच रिपोर्ट में निर्माण कार्यों में निर्धारित लागत से अधिक भुगतान और वित्तीय प्रक्रियाओं में त्रुटियों की पुष्टि हुई है

जिससे आरोपों को प्रारंभिक आधार मिला है। एक अन्य आरोप यह भी है कि सरपंच की अनुपस्थिति में उनके पति पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप कर रहे हैं। पंचायत से जुड़े वित्तीय लेनदेन में कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर कर चेक जारी किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। साथ ही महिला पंचों के साथ दुर्व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न के आरोप भी सामने आए हैं। वार्ड पंच दीनदयाल सिन्हा सहित अन्य पंचों का कहना है कि पंचायत में योजनाओं की जानकारी साझा नहीं की जाती जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर 18 में से 14 वार्ड पंचों ने एकजुट होकर पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत सरपंच को पद से हटाने की मांग का समर्थन किया है। शिकायतकर्ताओं में दीनदयाल सिन्हा, शारदा नेताम, दुर्पती जांगड़े, गायत्री सिन्हा, हरेश वर्मा, बिरेन्द्र बंजारे, सुनीता बाई निर्मलकर, स्वाति वर्मा, मीना बंजारे, तुलसी बाई वर्मा, प्रताप बंजारे, मोंगरा बंजारे, गायत्री वर्मा, सुमन बंजारे, रिंकू गुप्ता सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।