KCG

बुजुर्गों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार को लेकर विधिक सेवा सजग, किया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर एवं अध्यक्ष सुषमा सावंत, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजनांदगांव के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति, खैरागढ़ के तत्वावधान में ग्राम ईटार, पांडादाह एवं खम्हारडीह में वरिष्ठ नागरिकों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार के विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। तत-पश्चात उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य वक्ता अपर सत्र न्यायाधीश (एडीजे) मोहनी कंवर ने सम्बोधन में कहा कि बुजुर्ग परिवार का बोझ नहीं बल्कि आशीर्वाद होते हैं। उनके साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार चाहे वह शारीरिक, मानसिक, यौन, वित्तीय शोषण हो अथवा देखभाल में उपेक्षा निंदनीय है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण संबंधी अधिकार, आयकर प्रावधान तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सीजेएम श्याम कुमार साहू ने बताया कि जैसे-जैसे वृद्ध व्यक्ति शारीरिक रूप से अशक्त होते जाते हैं उनके साथ दुर्व्यवहार की आशंका बढ़ जाती है उनकी शारीरिक अथवा मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर अनेक लोग उनका शोषण करते हैं इसे लेकर श्री साहू ने नि:शुल्क और सुलभ विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी। जेएमएफसी आकांक्षा खलको ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार अधिकांशत उनके निवास स्थान पर ही होता है जहाँ उनके देखभाल कर्ता जैसे वयस्क संतानें, परिजन, नाती-नातिन या जीवनसाथी शामिल होते हैं। दीर्घकालिक देखभाल संस्थानों में भी इस प्रकार की घटनाएं सामने आती हैं। यदि किसी को संदेह हो कि किसी बुजुर्ग का शोषण हो रहा है तो इसकी सूचना देना हर नागरिक का कर्तव्य है क्योंकि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार है। पैरा लीगल वालंटियर (PLV) गोलू साहू ने उपस्थित लोगों को नालसा टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी जिसके माध्यम से जरूरतमंद नागरिक नि:शुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में स्वागत भाषण ग्राम पंचायत ईटार के सरपंच पं.ओम झा ने दिया तथा आभार प्रदर्शन ग्राम पटेल एवं वरिष्ठ अधिवक्ता पं.मिहिर झा ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन पैरालीगल वालंटियर गोलू दास साहू द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page