KCG

जनहित के मुद्दों पर होगा जिला प्रशासन का फोकस

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को जनसरोकार से जुड़े मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन और पीजी पोर्टल में दर्ज लंबित शिकायतों एवं आवेदनों की विभागवार स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में संतोषजनक निराकरण किया जाए। एग्रीस्टैक पोर्टल की समीक्षा करते हुए किसानों के पंजीयन फार्मर आईडी निर्माण और भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण कार्य को गति देने पर जोर दिया गया है वहीं राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान विभिन्न न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निपटारे के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कृषि क्षेत्र की समीक्षा में बताया गया कि राज्य सरकार किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित कर रही है। धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों की खेती करने वाले किसानों को विशेष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा दलहन, तिलहन और कोदो की फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की भी व्यवस्था की जा रही है। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान पाम खेती की प्रगति पर चर्चा हुई तथा किसानों को उद्यानिकी आधारित खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। नियाद नेल्लानार योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों और हितग्राहीमूलक योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को ग्रामों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र उच्च कार्यालय को भेजने के लिए कहा गया है। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, सुमन राज तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page