
‘पंचायत से पार्लियामेंट तक’ संवाद कार्यक्रम में जुटे जनप्रतिनिधि
नागरिक हित में कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराईखैरागढ़/गंडई। नगर पंचायत गंडई में सेवा संकल्प अभियान के समापन अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान संवाद एवं पंचायत से पार्लियामेंट तक’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों के समागम में जनसेवा के महत्व, जनप्रतिनिधियों की भूमिका और नागरिकों के हित में कार्य करने की प्रतिबद्धता पर चर्चा की गई। इसके साथ ही पिछले एक माह से संचालित सेवा संकल्प अभियान का समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत गंडई के उपाध्यक्ष श्यामपाल ताम्रकार थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में राकेश ठाकुर, अनिल अग्रवाल, समाजसेवी राकेश ताम्रकार, जीवन दास रात्रे एवं मंगल चंद जैन उपस्थित रहे। समागम में वक्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल जनसमस्याओं को सुनने तक सीमित नहीं है बल्कि उनके निराकरण के लिए सक्रिय पहल करना भी जरूरी है। जनहित को प्राथमिकता देते हुए सेवा भावना, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों के हितों की रक्षा करने तथा जनसेवा के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में नगर पंचायत के पार्षद, एल्डरमैन, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, नगर के गणमान्य नागरिक तथा नगर पंचायत के कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
