खैरागढ़ में नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर पीसीसी अध्यक्ष ने भरी हुंकार
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जिला स्तरीय बैठक एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस ने दिखाया दमखम
विभिन्न वार्डों की 17 महिलाओं ने थामा कांग्रेस का दामन
खैरागढ़। नगर पालिका चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने बुधवार को खैरागढ़ में शक्ति प्रदर्शन किया। नगर के सांस्कृतिक भवन में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जिला स्तरीय बैठक, दीपावली मिलन समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया। आगामी नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर आयोजित इस सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बिजली बिल और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर जमकर निशाना साधा।
वोट चोरी और महंगाई को लेकर भाजपा को कांग्रेसियों ने घेरा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार कथित वोट चोरी के सहारे बनी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस साजिश को उजागर किया है। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से कांग्रेस लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। बैज ने एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रभाव वाले क्षेत्रों में बड़ी संख्या में जीवित मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, जबकि फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था लेकिन आज सिलेंडर की कीमत एक हजार रुपये से अधिक हो गई है। चावल, दाल, शक्कर, राशन, पेट्रोल और बिजली बिल सहित हर जरूरी चीज महंगी हो गई है। खैरागढ़ नगर पालिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली बार कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया था लेकिन बाद में उन्हें डराकर भाजपा में शामिल करा लिया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में नगर पालिका अध्यक्ष सहित सभी वार्डों में कांग्रेस के पार्षद जिताने का संकल्प लेने की अपील की। बैज ने कहा कि भाजपा सरकार ने बेतहाशा महंगाई और बिजली बिल बढ़ाकर जनता को 440 वोल्ट का झटका दिया है। अब नगर पालिका चुनाव में भाजपा को हराकर 1000 वोल्ट का झटका देना होगा।
खैरागढ़ के विभिन्न वार्डों से 17 महिलाओं ने किया कांग्रेस प्रवेश
सम्मेलन के दौरान नगर पालिका क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों की 17 महिलाओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के समक्ष कांग्रेस की विधिवत सदस्यता ग्रहण की। श्री बैज ने सभी महिलाओं को कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। कार्यक्रम का स्वागत भाषण जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने दिया।
एसआईआर और बिजली बिल पर छन्नी ने उठाए सवाल
खुज्जी की पूर्व विधायक एवं खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव प्रभारी छन्नी चंदू साहू ने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से भाजपा कांग्रेस समर्थक मतदाताओं और कार्यकर्ताओं के नाम मतदाता सूची से कटवा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाता सूची का निरीक्षण करने और गड़बड़ियों पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को एक हजार रुपये दे रही है लेकिन दूसरी ओर बिजली बिल में कई गुना वृद्धि कर आम जनता से अधिक राशि वसूली जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया साथ ही कहा कि किसी भी कार्यकर्ता को डराने-धमकाने की कोशिश की जाती है तो कांग्रेस पार्टी उसके साथ खड़ी रहेगी।
खैरागढ़ विधायक यशोदा ने विकास कार्यों में बाधा डालने का लगाया आरोप
विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने भी मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में मुस्लिम समाज के कांग्रेस समर्थक 20 से 25 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं जबकि अमलीपारा वार्ड में आत्मसमर्पित नक्सलियों के नाम जोड़े गए हैं। उन्होंने मीराबाई चौक का नाम बदलकर अटल चौक स्थापित किए जाने पर भी आपत्ति जताई। विधायक श्रीमती वर्मा ने कहा कि नगर में विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 75 लाख रुपये दिए गए हैं लेकिन अब तक उनका टेंडर जारी नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका में भाजपा नेतृत्व राजनीतिक लाभ की आशंका के चलते विकास कार्यों को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने भाजपा पर लोकलुभावने वादों से जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन दिनों हर वार्ड में दीपावली मिलन समारोह आयोजित कर लोगों को पकवान खिलाकर लुभाने का प्रयास किया जा रहा है। सम्मेलन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता शाहिद खान, नीलांबर वर्मा, पूर्व विधायक धनेश पाटीला, गिरवर जंघेल, भुवनेश्वर बघेल, जिला पंचायत सदस्य शताक्षी सिंह, नगर पंचायत छुईखदान अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिराज किशोर दास वैष्णव, कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मयूरी सिंह, पं.मिहिर झा, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष देवराज किशोर दास वैष्णव, जिला महामंत्री सज्जाक खान, डॉ.किरण झा, पदम कोठारी, भागवत साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर, श्रीकिशन खंडेलवाल, सुनील पांडे, नीलेंद्र शर्मा, मोतीलाल जंघेल, सतीश सिंघानिया, सूर्यकांत यादव, राधेश्याम यादव, संत निषाद, यतेंद्रजीत सिंह, मीरा गुलाब चोपड़ा, मनराखन देवांगन, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती रिंकू महोबिया, कविता जंघेल, विनीता जंघेल, गंगोत्री वर्मा, छुईखदान अध्यक्ष रामकुमार पटेल, गंडई अध्यक्ष मन्नू चंदेल, भिज्ञेश यादव, विप्लव साहू, कपीनाथ महोबिया, अंकित जैन चोपड़ा, मुढ़ीपार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तेजराम वर्मा, जफर हुसैन, देवकांत वर्मा और नदीम मेमन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
