छुईखदान में कैरियर गाइडेंस पर अतिथि व्याख्यान

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। वीरांगना अवंती बाई शासकीय महाविद्यालय छुईखदान में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए कैरियर गाइडेंस विषय पर एक प्रेरणादायक अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। महाविद्यालय के गणित विभाग द्वारा प्राचार्य डॉ. जयती बिस्वास के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में संत गुरु घासीदास बाबा शासकीय महाविद्यालय ठेलकडीह के सहायक प्राध्यापक वी. के. मसियारे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वी. के. मसियारे ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं तथा बदलते समय के अनुरूप उपलब्ध कैरियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए नियमित अध्ययन अनुशासन तथा निरंतर मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से गणित विषय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान समय में गणित से जुड़े अनेक क्षेत्रों में रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने कैरियर से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न भी पूछे जिनका मुख्य वक्ता ने विस्तार से समाधान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन गणित विभागाध्यक्ष लीलाराम देवांगन द्वारा किया गया। अंत में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए ऐसे आयोजनों की सराहना की है।

Exit mobile version