छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

छुईखदान पुलिस ने गांवों में चलाया जागरूकता अभियान, साइबर अपराध और यातायात नियमों की दी जानकारी

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गुरुवार को थाना छुईखदान पुलिस द्वारा क्षेत्र के ग्राम ओटेबंद एवं पंडरिया में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा युवाओं को साइबर अपराध, यातायात सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा पॉक्सो एक्ट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई है। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने बताया कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे अपराधों से बचने के लिए किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी ओटीपी या पासवर्ड साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही बताया गया कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया तथा पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। कार्यक्रम के दौरान आवारा मवेशियों के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई।ग्रामीणों से मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांधकर रखने और सड़क पर खुला नहीं छोड़ने की अपील की गई ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण किया जा सके। जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page