
शक्कर कारखाना, भोरमदेव मंदिर व सरोदा बांध की ली विस्तृत जानकारी
सत्यमेव न्यूज के लिए आकाश तिवारी की रिपोर्ट बाजार अतरिया। नवीन शासकीय महाविद्यालय बाजार-अतरिया के विद्यार्थियों ने संस्था की प्रभारी प्राचार्य डॉ.जयती बिश्वास की अनुमति से शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण किया। इस भ्रमण में 65 विद्यार्थी तथा 8 प्राध्यापक एवं कर्मचारी शामिल हुए।
भ्रमण की शुरुआत कवर्धा स्थित ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर से हुई। इतिहास विभाग के प्राध्यापकों ने 11-12वीं शताब्दी में राजा रामचंद्र देव द्वारा निर्मित इस मंदिर जिसे छत्तीसगढ़ का खजुराहो भी कहा जाता है की वास्तुकला, सांस्कृतिक महत्व और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी। द्वितीय चरण में समूह ने सरोदा बांध पहुँकर जलाशय क्षेत्र का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने यहाँ पिकनिक का आनंद लेते हुए पर्यावरणीय पहलुओं, जैव विविधता तथा जल संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। प्राकृतिक सौंदर्य और स्वच्छ वातावरण ने छात्रों को विशेष रूप से आकर्षित किया। अंतिम चरण में छात्रों को कवर्धा जिले के कबीरधाम स्थित भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना (मर्यादित ग्राम रामहेपुर) का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। कारखाने के विशेषज्ञों ने शक्कर उत्पादन की प्रक्रिया, मशीनरी, गुणवत्ता नियंत्रण तथा सहकारी मॉडल के आर्थिक लाभों की जानकारी दी। विशेष रूप से कॉमर्स के विद्यार्थियों को गन्ना उत्पादन, उसकी किस्मों, फसल अवधि, प्रति एकड़ आय तथा जिले में होने वाली कुल गन्ना खेती संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। भ्रमण में भाग लेने वाले विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने इस यात्रा को शैक्षणिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव का उत्कृष्ट संयोग बताया। प्राचार्य डॉ.बिश्वास ने कहा कि ऐसे भ्रमण छात्रों को वास्तविक कार्यप्रणाली से रूबरू कराते हैं जो उनके करियर के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। अंत में इस सफल शैक्षणिक-औद्योगिक यात्रा के लिए प्राचार्य, प्राध्यापकगण, कारखाना प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के प्रति विद्यार्थियों सहित महाविद्यालय परिवार ने आभार व्यक्त किया।