KCG

जल जीवन मिशन कार्य की कलेक्टर ने की समीक्षा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल भी उपस्थित रहे। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता प्रदीप खलखो सहित विभागीय अधिकारियों ने जिले में संचालित नल-जल योजनाओं की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान कैच-अप इम्प्लीमेंटेशन एंड रिव्यू प्लान (सीआईआरपी) के तहत लंबित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और शीघ्र पूर्णता पर विशेष जोर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के कवरेज सपोर्ट तथा वाटर क्वालिटी मॉनिटरिंग एंड सर्विलांस (डब्ल्यूक्यूएम एंड एस) मद में पूर्ण हो चुकी योजनाओं के लिए एसएनए ऑनबोर्डिंग के बाद भुगतान प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की कार्यवाही जारी है। बैठक में इस प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। समीक्षा के दौरान नक्सल प्रभावित श्रेणी से मुक्त घोषित क्षेत्रों की उन बसाहटों तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई जहां अब तक जल जीवन मिशन का लाभ नहीं पहुंच सका है। अधिकारियों ने इन क्षेत्रों के लिए तैयार प्रस्तावों की जानकारी दी। इसके अलावा नल-जल योजनाओं को आईएमआईएस पोर्टल पर पूर्ण दर्ज कराने आवश्यकतानुसार समय-सीमा विस्तार के प्रस्ताव तैयार करने तथा बुड़ानभाठ समूह जल प्रदाय योजना के पुनरीक्षित प्रस्ताव की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक के अंत में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि जल जीवन मिशन ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page