ग्राम सभा में विकास योजनाओं पर मुहर, अहम प्रस्ताव पारित

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़/मुढ़ीपार। ग्राम पंचायत मुढीपार में 14 अप्रैल को ग्राम सभा का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता सरपंच कुमेश साहू ने की। बैठक की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 165वीं जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर अपने विचार भी व्यक्त किए। बैठक में पंचायत सचिव द्वारा जनवरी 2026 से मार्च 2026 तक की आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना मनरेगा 15वें वित्त आयोग के तहत चल रहे कार्य, स्वच्छता अभियान, पेयजल व्यवस्था, सड़क मरम्मत, अटल समरसता भवन की मरम्मत एवं विद्युत संबंधी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। ग्राम सभा में वर्ष 2026-27 के लिए जीपीडीपी हमर गांव हमर योजना के अंतर्गत प्राथमिकता वाले विकास कार्यों का चयन भी किया गया। इसमें नाली निर्माण सीसी रोड, सामुदायिक भवन मरम्मत, स्कूल परिसर का सुधार, आंगनबाड़ी भवन व्यवस्था, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, तेलीन तालाब में उद्यान निर्माण, नए महाविद्यालय के लिए स्थल चयन एवं आवारा पशुओं के प्रबंधन को प्रमुखता दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों के नामों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने गांव को स्वच्छ हरित एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया। जल संरक्षण और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी। अंत में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और धन्यवाद ज्ञापन के साथ ग्राम सभा का समापन किया गया।

Exit mobile version