
पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस पर चित्रकला प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम टेकापार कला में वृक्षारोपण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.ओ.पी. गुप्ता के मार्गदर्शन में मेरा युवा भारत, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई तथा ग्रामवासियों के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा थे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत टेकापार कला के सरपंच दीनू नेताम, उपसरपंच संदेश वर्मा, पंच कोमल प्रसाद श्रीवास, शिक्षक राघवेन्द्र वर्मा, धरमपाल वर्मा, ग्रामवासी हेमलाल एवं अशोक वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के स.प्रा.डॉ.जितेंद्र कुमार साखरे ने की।

चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में कुशाग्र वर्मा ने प्रथम, रोहन साहू ने द्वितीय तथा हेमिन साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ ली। इसके पश्चात वृक्षारोपण कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया गया।
स्वयंसेवकों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम का संचालन टिकेंद्र वर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन दुर्गेश्वर जंघेल ने व्यक्त किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी यशपाल जंघेल सहित स्वयंसेवक गौरी यदु, लीना वर्मा, तुलेश्वर वर्मा, ईश्वर वर्मा, ममता यादव, खिलेश कौशिक, वर्षा वर्मा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण युवा उपस्थित रहे।
