
चार मामलों में 3 पिकअप वाहन जब्त, कुल 15.84 लाख रुपये की संपत्ति बरामद; तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में गोवंश एवं मवेशियों के अवैध परिवहन और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अगस्त 2026 में पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार प्रकरण दर्ज किए। इन मामलों में कुल 34 मवेशियों को बरामद करने के साथ तीन वाहनों को जब्त किया गया। जब्त मवेशियों और वाहनों की कुल कीमत करीब 15 लाख 84 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान एक टाटा पिकअप और दो बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किए गए। वहीं एक मामले में 20 मवेशियों को वाहन के बजाय पैदल ले जाते हुए पकड़ा गया।
साल्हेवारा क्षेत्र में दो मामले
थाना खैरागढ़ क्षेत्र में एक प्रकरण में चार मवेशियों के साथ एक टाटा पिकअप वाहन जब्त किया गया जिसकी कुल कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। छुईखदान थाना क्षेत्र में एक मामले में 20 मवेशियों को पैदल ले जाते हुए बरामद किया गया। इनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये है। इसी तरह साल्हेवारा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग प्रकरणों में 10 मवेशियों के साथ दो बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किए गए। इनकी कुल कीमत करीब 11 लाख 94 हजार रुपये आंकी गई है।
लगातार निगरानी, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि गोवंश के अवैध परिवहन और तस्करी को रोकने के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं जांच की जा रही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक ठेलकाडीह, गातापार, गंडई, मोहगांव, बकरकट्टा एवं यातायात थाना क्षेत्र में अगस्त माह के दौरान गोवंश संबंधी कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गोवंश के अवैध परिवहन अथवा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

