
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सुशासन तिहार-2026 के तहत जनपद पंचायत छुईखदान के ग्राम गेरूखदान में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों ने बढ़ चढ़कर भागीदारी की। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 754 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें 747 मांग और 7 शिकायत से जुड़े प्रकरण शामिल रहे। प्राप्त आवेदनों में प्रधानमंत्री आवास वन भूमि पट्टा राशन कार्ड में नाम जोड़ने शौचालय निर्माण मनरेगा के तहत कुआं निर्माण तथा प्रधानमंत्री सम्मान निधि से संबंधित आवेदन प्रमुख रहे। शिविर का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली गई। संबंधित विभागों को समय सीमा के भीतर आवेदनों के निराकरण के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही हो ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, सभापति ललित चोपड़ा, सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
44 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत 44 हितग्राहियों को सामग्री एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत 11 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। मनरेगा के तहत 6 हितग्राहियों को आजीविका डबरी सहित विभिन्न कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 2 स्व-सहायता समूहों को बैंक लिंकेज स्वीकृति दी गई वहीं 4 हितग्राहियों को नए राशन कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा कृषि एवं अन्य विभागों द्वारा हितग्राहियों को हरि खाद सब्जी मिनीकिट सुपोषण किट मछली जाल और श्रमिक पंजीयन कार्ड भी प्रदान किए गए। शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम अविनाश ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ केश्वरी देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


