गंडई में भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धापूर्वक मनाई गई महाअष्टमी, जगह-जगह हुआ प्रसाद वितरण

माता के जयकारों से गूंजा गंडई नगर
हवन-पूजन, कन्या पूजन और महाप्रसादी में उमड़े श्रद्धालु
गंडई-पंडरिया। शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी के पावन अवसर पर गंडई नगर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ पूरा नगर माता के जयकारों से गूंज उठा। नगर के विभिन्न देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में हवन-पूजन, कन्या पूजन एवं महाआरती का आयोजन किया गया। वहीं जगह-जगह भंडारे और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर महाप्रसादी ग्रहण की और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। महाअष्टमी के अवसर पर नगर के चौराहों, गली-मोहल्लों और प्रमुख बाजारों में उत्सव जैसा माहौल रहा। सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और युवाओं ने सेवा एवं समर्पण की भावना के साथ विभिन्न स्थानों पर प्रसाद वितरण के स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से श्रद्धालुओं को पूड़ी, हलवा, चना और खीर सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद वितरित किए गए। प्रसाद ग्रहण करने के लिए दिनभर लोगों की भीड़ जुटती रही। इसी क्रम में प्रेस क्लब गंडई द्वारा नगर के मेन चौक पर हलवा प्रसाद का वितरण किया गया वहीं आनंदका परिवार ने अपने घर के सामने महाप्रसादी का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित इन सेवा कार्यक्रमों में लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और धार्मिक आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता एवं सहयोग का संदेश दिया। नगर के मेन चौक, कवर्धा रोड, दुर्ग रोड, बस स्टैंड, सब्जी मंडी, रामपारा, अंबेडकर चौक, स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने, गांधी चौक पंडरिया, टिकरीपारा, दैहान चौक, डबरी चौक और कुआं चौक सहित अनेक स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन स्थानों पर नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। महाअष्टमी के दिन विशेष साज-सज्जा और धार्मिक आयोजनों के चलते इन पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।देर शाम तक मंदिरों और पूजा पंडालों में महाआरती का आयोजन किया गया। आरती में महिलाओं, युवाओं और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीपों की रोशनी, शंखध्वनि और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महाअष्टमी के अवसर पर आयोजित पूजा-अर्चना, भंडारे और प्रसाद वितरण के कार्यक्रमों ने नगर में धार्मिक उल्लास के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की भावना को भी मजबूत किया। पूरे नगर में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ मां दुर्गा की आराधना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
