
सत्यमेव न्यूज गंडई। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना गंडई पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हंगामा कर शांति भंग करने वाले दो युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 6 जून की शाम मवेशी पसरा गंडई के पास कुछ लोगों द्वारा शराब पीकर आम नागरिकों से गाली गलौज और विवाद किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच की। जांच के दौरान दानबीर यादव (20 वर्ष) एवं युवराज यादव (18 वर्ष) दोनों निवासी महरापारा वार्ड क्र. 7 गंडई सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव करते पाए गए। पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों की गतिविधियों से क्षेत्र में अशांति का माहौल बन रहा था। इसके चलते उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के बाद तहसील न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

