प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का होगा सम्मान
विशेषज्ञ देंगे करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं पर मार्गदर्शन
सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। लक्ष्य छत्तीसगढ़ की जिला इकाई खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में रविवार को कृषि उपज मंडी गंडई में जिला स्तरीय लक्ष्य प्रतिभा सम्मान एवं करियर गाइडेंस समारोह-2026 आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा। समारोह में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्हें उच्च शिक्षा प्रतियोगी परीक्षाओं रोजगार के अवसरों और करियर निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और भविष्य की तैयारी को लेकर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में दिग्विजय महाविद्यालय राजनांदगांव के प्रो. डॉ. डी.के. वर्मा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा के बीएमओ डॉ. अश्वनी वर्मा अपने विचार रखेंगे। समारोह में जनप्रतिनिधियों शिक्षाविदों समाज के प्रबुद्ध नागरिकों अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षित है। लक्ष्य छत्तीसगढ़ जिला इकाई के अध्यक्ष अवध चंदेल ने जिले के प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं अभिभावकों एवं समाज के लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

