
स्वास्थ्य और संस्कृति का दिखा अनोखा उत्सव

बच्चों से बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोगों ने की शिरकत
हर रविवार नियमित आयोजन का हुआ निर्णय
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। संगीत, साहित्य और संस्कृति की नगरी खैरागढ़ में रविवार की सुबह स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता के अनूठे संगम की साक्षी बनी। नगर के अटल उद्यान में आयोजित ‘मस्ती की पाठशाला’ के प्रथम आयोजन ने शहरवासियों को एक ऐसा मंच प्रदान किया। जहां स्वास्थ्य जागरूकता, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और पारिवारिक आनंद का सुंदर समावेश देखने को मिला। गार्डन ग्रुप खैरागढ़ की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को उत्सव का स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा रही। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा इस पहल को समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी जुड़ाव बढ़ाने वाला प्रयास बताया। सुबह से ही अटल उद्यान में उत्साह का माहौल रहा। जुम्बा डांस, योग, ध्यान, रस्साकशी, मनोरंजक खेलों तथा संगीत आधारित गतिविधियों ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य और आनंद का अनूठा अनुभव कराया। छत्तीसगढ़ी पारंपरिक गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने आयोजन में स्थानीय सांस्कृतिक रंग घोलते हुए वातावरण को जीवंत बना दिया। संगीत की धुनों पर बच्चे, युवा और बुजुर्ग समान उत्साह के साथ थिरकते नजर आए। बच्चों के लिए लगाए गए जंपिंग जम्प विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे बच्चों ने खेलकूद और मनोरंजन गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया वहीं अभिभावकों ने परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताकर आयोजन को यादगार बनाया।

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक वर्गों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों की उपस्थिति ने सामाजिक समरसता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं बल्कि लोगों को तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने और परिवार एवं समाज के साथ जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने नगर गार्डन ग्रुप की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताया। आयोजन की सफलता में नगर गार्डन ग्रुप के सदस्य डॉ.अरुण भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व एवं समन्वय से कार्यक्रम का सफल संचालन संभव हो सका वहीं आयोजन समिति के सदस्य अरुण रंगलानी ने बताया कि ‘मस्ती की पाठशाला’ अब प्रत्येक रविवार सुबह 6 बजे से 8 बजे तक अटल उद्यान में नियमित रूप से आयोजित की जाएगी ताकि शहरवासी परिवार सहित स्वास्थ्य, मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों का लाभ उठा सकें। स्वास्थ्य, संस्कृति और सामाजिक एकता को समर्पित इस पहल ने अपने पहले ही आयोजन में खैरागढ़वासियों के बीच विशेष पहचान बना ली है और आने वाले समय में इसे शहर की एक सकारात्मक सामाजिक परंपरा के रूप में विकसित होने की उम्मीद की जा रही है।