Advertisement
Uncategorized

खैरागढ़ में मंदिर निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा के लिये कलश यात्रा का हुआ भव्य आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। संगीत नगरी के वार्ड क्रमांक 17 दाऊचौरा स्थित चिंता लल्ला कॉलोनी में नवनिर्मित शिव मंदिर में सप्त दिवसीय श्रीमद् महा-मृत्युंजय जप अनुष्ठान, शिव प्राण प्रतिष्ठा एवं कलश यात्रा का भव्य आयोजन हुआ। 19 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ यहां विविध धार्मिक आयोजन संपन्न हो रहे हैं। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिल रही है। अनुष्ठान के प्रथम दिवस वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वेदी स्थापना, ज्योति प्रज्वलन एवं पंचांग पूजन किया गया। इसके पश्चात प्रतिदिन प्रातःकालीन वेदी पूजन, महा-मृत्युंजय जप, शिव सहस्रनाम पाठ, नवग्रह शांति पूजन, रुद्राभिषेक एवं विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

बुधवार 25 फरवरी को श्री गणपति अथर्वशीर्ष पाठ, दुर्वाचन एवं भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

मंदिर निर्माणकर्ता क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी लाल चिंताहरण सिंह, श्रीमती रमिला सिंह एवं लाल राजेंद्र सिंह नागवंशी सहित परिजनों ने बताया कि 26 फरवरी गुरुवार को वैदिक आचार्यों के सान्निध्य में शिवालय शिखर पूजन, शिव पंचायतन प्राण प्रतिष्ठा, महाआरती एवं महाप्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। मुख्य आचार्य पं.घनश्याम राधे तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में यजमान परिवार सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page