विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर दिया परामर्श, कैंसर की प्रारंभिक पहचान एवं जागरूकता पर दिया जोर
खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई एवं रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में सिविल अस्पताल खैरागढ़ में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 60 मरीजों ने पंजीयन कराया। शिविर में पहले से कैंसर का उपचार करा रहे मरीजों के साथ स्तन में गांठ, मुख कैंसर से संबंधित समस्याओं एवं कैंसर के संभावित लक्षणों वाले मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर में डॉ. बबलेश माहावर हेड पेन एवं पैलिएटिव मेडिसिन विशेषज्ञ तथा डॉ. नवीन जैन (एमडीएस) ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने मरीजों को उपचार, दर्द एवं अन्य तकलीफों के प्रबंधन तथा आगे की आवश्यक जांच के संबंध में मार्गदर्शन दिया।शिविर का मुख्य उद्देश्य कैंसर की समय रहते पहचान करना, मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना तथा आम नागरिकों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रखने की बात कही गई। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ. आशीष शर्मा, जिला नोडल अधिकारी एनपी-एनसीडी डॉ. पंकज वैष्णव, बीएमओ खैरागढ़ डॉ. विवेक बिसेन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती सोनल ध्रुव, आरएमएनसीएचए श्रीमती आरती चतुर्बीदानी, जिला लेखा प्रबंधक नवीन चौहान एवं जिला डाटा प्रबंधक खिलेश साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
