
सिविल अस्पताल में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण सप्ताह के तहत जिले में जनजागरूकता अभियान की शुरुआत बुधवार को सिविल अस्पताल खैरागढ़ से हुई। समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता शिविर में नागरिकों दिव्यांगजनों अभिभावकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया है। समाज कल्याण संचालनालय के निर्देश पर 17 से 26 जून तक जिलेभर में नशा निवारण सप्ताह मनाया जा रहा है। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन तथा जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे से होने वाले सामाजिक आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आशीष शर्मा ने कहा कि नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार और समाज के विकास में भी बाधक बनती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की है। शिविर के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने नशापान से दूर रहने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम में सहायक संचालक समाज कल्याण कमलेश कुमार पटेल, आयुष अधिकारी सुशीला बंजारे, डीपीएम सोनल सहित समाज कल्याण स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन के अनुसार नशा निवारण सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता रैली शपथ ग्रहण कार्यक्रम जनसंवाद संगोष्ठी तथा प्रचार प्रसार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी जिससे अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके।
